| |

दतिया में कांग्रेस की जीत उम्मीद से कम अंतर से हुई: 15-20 हजार वोटों से जीत का आकलन था; घनश्याम सिंह बोले- मार्जिन घटा

भोपाल। दतिया उपचुनाव में जीत के बाद पहली बार भोपाल पहुंचे नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद थी कि जीत का अंतर 15 से 20 हजार वोटों का होगा, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण यह अंतर कम रह गया।

प्रशासन पर दबाव रहता है, फिर भी निष्पक्ष चुनाव कराने की कोशिश हुई
घनश्याम सिंह ने कहा कि उपचुनाव में प्रशासन पर काफी दबाव रहता है, फिर भी जिला प्रशासन और कलेक्टर ने निष्पक्ष चुनाव कराने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिशें हुईं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सजगता और प्रशासन की सतर्कता से वे सफल नहीं हो सकीं।

साफ छवि के साथ मजबूत बूथ मैनेजमेंट भी जरूरी
उन्होंने कहा कि उनकी साफ-सुथरी छवि भी जीत का एक महत्वपूर्ण कारण रही। वर्ष 1993 से लगातार चुनावी राजनीति में रहने के दौरान उनकी छवि बेदाग रही है, इसी वजह से पार्टी ने उन्हें सेवड़ा से बुलाकर दतिया से टिकट दिया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि केवल छवि के आधार पर चुनाव नहीं जीता जा सकता, इसके लिए मजबूत इलेक्शन मैनेजमेंट और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता जरूरी होती है।

जीतू पटवारी ने सेक्टर बनाकर नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपीं
घनश्याम सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चुनाव के दौरान छोटे-छोटे सेक्टर बनाकर पूर्व मंत्रियों, विधायकों और पूर्व विधायकों को जिम्मेदारियां सौंपी थीं। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम किया, जिसका फायदा पार्टी को मिला।

राजेंद्र भारती पर बोले- मतदान से पहले खुलकर पार्टी के खिलाफ सक्रिय हुए
राजेंद्र भारती के निष्कासन के सवाल पर उन्होंने कहा कि शुरुआत में वे पार्टी के भीतर अपनी बात रख रहे थे, लेकिन मतदान से दो दिन पहले उन्होंने खुलकर पार्टी के खिलाफ गतिविधियां शुरू कर दी थीं और कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर भाषण भी दिया था। ऐसे में पार्टी को कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने माना कि राजेंद्र भारती पुराने नेता हैं और क्षेत्र में उनका प्रभाव भी रहा है, लेकिन कांग्रेस के मजबूत चुनावी प्रबंधन के कारण पार्टी जीत हासिल करने में सफल रही।

नरोत्तम मिश्रा से संबंधों पर बोले- सभी से अच्छे संबंध रहे
पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा से संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर घनश्याम सिंह ने कहा कि उनके सभी लोगों से अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अलग बात है, लेकिन व्यक्तिगत संबंध हमेशा बेहतर रहे हैं।

 

Share