| |

झाबुआ के होटल में जुआ खेलते 6 लोग पकड़े गए: हाईवे के कमरे में चल रहा था खेल; ₹81,700 का सामान जब्त

झाबुआ। जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ झाबुआ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पिटोल चौकी पुलिस ने इंदौर-अहमदाबाद हाईवे क्रमांक 47 पर स्थित सागर होटल में दबिश देकर जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹26,700 नकद, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक ताश की गड्डी सहित करीब ₹81,700 का मशरूका जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में होटल संचालक भी शामिल है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सागर होटल के ऊपरी कमरे में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पिटोल चौकी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में होटल पर दबिश दी।

कमरे में ताश और नगदी के साथ मिले आरोपी
दबिश के दौरान कमरे में छह लोग ताश के पत्तों और नगदी के साथ जुआ खेलते मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर अलग-अलग तलाशी ली। तलाशी में ₹26,700 नकद, पांच मोबाइल फोन और ताश की गड्डी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने नगद राशि लगाकर जुआ खेलने की बात स्वीकार की।

होटल संचालक समेत छह लोगों पर केस दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों में विजय पिता सुरेश चंद बढ़तवाल निवासी पिटोल (होटल संचालक), दीपल पिता सतीश देसाई निवासी बंजारवाड़ा दाहोद, अमित पिता रतनसिंह गणावा निवासी दाहोद, राजुभाई पिता बच्चुभाई बारिया निवासी वरमखेड़ा दाहोद, बाला पिता खुमान डामोर निवासी संगा फलिया दाहोद और धारू पिता कालिया भाई बारिया निवासी मांडव रोड दाहोद शामिल हैं।

जुआ एक्ट और बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट और धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 758/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया और एसडीओपी कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। टीम में उपनिरीक्षक अशोक बघेल, सउनि सुरसिंह चौहान, प्रधान आरक्षक दिलीप डावर, आरक्षक कैलाश सोलंकी और आरक्षक अशरफ खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share