झाबुआ में कलेक्टर ने किया स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का निरीक्षण: LED स्क्रीन भी लगाएंगे; निर्मला भूरिया होंगी मुख्य अतिथि

झाबुआ। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने डीआरपी लाइन पहुंचकर समारोह स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित करने के निर्देश दिए।
परेड और ध्वजारोहण स्थल का किया निरीक्षण
कलेक्टर एवं एसपी ने परेड स्थल, परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों, परेड वाहनों, मुख्य मंच और ध्वजारोहण स्थल की व्यवस्थाएं देखीं। अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों के बैठने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने मंच की साज-सज्जा, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास, पार्किंग, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

लाइव प्रसारण के लिए LED स्क्रीन की व्यवस्था
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश के लाइव प्रसारण के लिए एलईडी स्क्रीन, ध्वनि एवं तकनीकी व्यवस्थाएं निर्बाध रखने को कहा। विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के साथ कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाने के निर्देश भी दिए गए।
निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि
जिले के मुख्य समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर
कलेक्टर एवं एसपी ने कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और वाहनों की पार्किंग की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समारोह में आने वाले नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो और आवागमन सुचारू बना रहे। इसके लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
हेलमेट वितरण के बाद निकली बाइक रैली
मुख्य समारोह के बाद आयोजित होने वाले हेलमेट वितरण कार्यक्रम एवं विशाल बाइक रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बाइक रैली के निर्धारित मार्ग, प्रतिभागियों की व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
रातीतलाई स्कूल का भी किया निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर एवं एसपी ने पीएमश्री एकीकृत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रातीतलाई का निरीक्षण किया। यहां स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के बाद मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी, एसडीएम झाबुआ महेश मंडलोई सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
