इंदौर की दो बेटियां: मिताली शर्मा और कनक पाल हॉकी मध्य प्रदेश टीम में शामिल; पुणे में खेलेंगी राष्ट्रीय चैंपियनशिप

इंदौर। ताहिर हॉकी ट्रेनिंग सेंटर की राष्ट्रीय खिलाड़ी मिताली शर्मा और कनक पाल का चयन हॉकी मध्य प्रदेश की जूनियर महिला टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी पुणे में आयोजित होने वाली हॉकी इंडिया की 16वीं जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

हॉकी मध्य प्रदेश के महासचिव लोक बहादुर ने टीम की घोषणा की। हॉकी इंदौर एसोसिएशन के सचिव किशोर शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन 13 से 23 अगस्त तक पुणे में किया जाएगा।

जबलपुर ट्रायल में 220 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया था हिस्सा
किशोर शुक्ला के अनुसार टीम चयन के लिए ट्रायल्स जबलपुर में आयोजित किए गए थे, जिनमें प्रदेश भर से 220 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिताली शर्मा और कनक पाल को टीम में स्थान मिला।

दोनों खिलाड़ियों को ताहिर हॉकी ट्रेनिंग सेंटर में कोच मोहम्मद याकूब अंसारी प्रशिक्षण दे रहे हैं। मिताली और कनक इससे पहले वर्ष 2022 में मध्य प्रदेश राज्य महिला सब जूनियर हॉकी टीम की ओर से हॉलैंड और पोलैंड का दौरा भी कर चुकी हैं।

चयन पर हॉकी इंदौर परिवार ने दी बधाई
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी इंदौर एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, संरक्षक ओम सोनी, उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. दास, मो. इस्माईल अंसारी, कोषाध्यक्ष नजमुद्दीन खुर्शीद, डॉ. रफीक खान और अतुल खुणे सहित अन्य पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

Share