| | |

इंदौर में लाइब्रेरी गेट बंद होने पर छात्रों का विरोध: 200-300 विद्यार्थी करते हैं पढ़ाई; कलेक्टर से मांगी मदद 

इंदौर। मुख्यमंत्री परीक्षार्थी लाइब्रेरी सुविधा केंद्र के सभी गेट बंद किए जाने को लेकर छात्रों में नाराजगी है। मंगलवार को मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जावेद खान के नेतृत्व में छात्रों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर शिवम वर्मा से शिकायत की। छात्रों ने लाइब्रेरी के सभी गेट खुलवाने और व्यवस्था में सुधार की मांग की।

रोज 200-300 विद्यार्थी करते हैं पढ़ाई
जावेद खान ने बताया कि लाइब्रेरी में रोजाना करीब 200 से 300 विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। कई छात्र देर रात तक पढ़ाई करते हैं। उनका कहना है कि फिलहाल केवल एक मुख्य गेट खुला रखा गया है। देर रात लाइब्रेरी से निकलने वाले विद्यार्थियों को परेशानी होती है।

लड़कियों की सुरक्षा के लिए जरूरी
जावेद खान ने आरोप लगाया कि लाइब्रेरी के आसपास हॉस्टल और कॉलेज हैं। ऐसे में देर रात केवल एक गेट से  बाहर निकलना छात्राओं के लिए असुरक्षित हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समस्या है तो उसका समाधान किया जाना चाहिए, न कि सभी गेट बंद कर दिए जाएं।

प्राचार्य पर योजना बंद कराने का आरोप
जावेद खान ने आरोप लगाया कि छात्र जब अपनी समस्या लेकर प्राचार्य से मिलने पहुंचे तो बातचीत का एक वीडियो सामने आया। उनके मुताबिक, वीडियो में प्राचार्य योजना बंद करवाने की बात कह रही हैं।

गरीब और महिला विद्यार्थियों को होगी परेशानी 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से लाखों-करोड़ों रुपए खर्च कर परीक्षार्थियों के लिए यह सुविधा शुरू की गई है। ऐसे में योजना को बंद करने की बात से गरीब और महिला विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी।

कलेक्टर से गेट खुलवाने की मांग
छात्रों ने कलेक्टर शिवम वर्मा से मांग की कि तत्काल प्राचार्य को निर्देश देकर लाइब्रेरी के सभी गेट खुलवाए जाएं।विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था की जाए।

प्रशासन की ओर से अधिकारियों के आने की बात कही जा रही है, लेकिन कार्रवाई में देरी हो रही है। जनसुनवाई के माध्यम से कलेक्टर से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर गेट खुलवाने और छात्रों की समस्या का समाधान करने की मांग की।– जावेद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष, मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस 

Share