| |

देवास के वेदांश मोदी ने UPSC CAPF में AIR 101 हासिल की: बने असिस्टेंट कमांडेंट; 5 साल की मेहनत लाई रंग

देवास वेदांश मोदी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (CAPF) परीक्षा में ऑल इंडिया 101वीं रैंक (AIR 101) हासिल कर असिस्टेंट कमांडेंट पद पर सफल ता प्राप्त की है। परीक्षा परिणाम पिछले सप्ताह घोषित किए गए थे।

वेदांश की प्रारंभिक शिक्षा देवास में हुई। इसके बाद उन्होंने इंदौर के होल्कर साइंस कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरा किया। स्नातक के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं और डिफेंस सर्विसेज में करियर बनाने का लक्ष्य तय कर तैयारी शुरू कर दी थी।

4-5 वर्षों से कर रहे थे तैयारी
वेदांश ने बताया कि वे पिछले चार से पांच वर्षों से डिफेंस सर्विसेज से जुड़ी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले वे UPSC, CDS और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में भी शामिल हो चुके हैं। हाल ही में उनका चयन SSC CGL के माध्यम से आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिनटेंडेंट पद पर भी हुआ है।

पिता हैं शिक्षक, परिवार ने जताई खुशी
वेदांश के पिता किशोर मोदी शासकीय हाईस्कूल में शिक्षक हैं। बेटे की सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है। माता-पिता ने कहा कि यह वेदांश की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटे ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है।

सफलता का श्रेय परिवार और मार्गदर्शन को दिया
वेदांश मोदी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय निरंतर प्रयास, सही मार्गदर्शन और परिवार के अटूट सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य पर लगातार काम करते रहना ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

 

 

 

Share