यूपी में प्रभारी मंत्री बोली- दाढ़ी पकड़कर आरोपियों को घसीटकर लाओ: गिरफ़्तारी में देरी पर पुलिस को फटकारा; पीड़ित परिवार से भी मिली

कौशांबी। प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान ने CO से कहा, “दाढ़ी पकड़कर आरोपियों को घसीटकर लाओ। मंत्री ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों को भी डांट लगाई। मंगलवार रात मारपीट के एक मामले में पीड़ित परिवार से मिलने भी पहुंची। उन्होंने SP से फोन पर बात कर चौकी इंचार्ज को तत्काल सस्पेंड करने को कहा।

आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए
मंत्री ने CO से नाराजगी जताते हुए कहा, “दाढ़ी पकड़कर आरोपियों को घसीटकर लाओ। उन्हें डर का एहसास होना चाहिए।” इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को फोन मिलाकर चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

बिना बताए बैल ले गया आरोपी
मामला सैनी कोतवाली क्षेत्र के गड़ेरियन के पुरवा गांव का है। गांव निवासी केशई सरोज ने बताया 6 अगस्त की दोपहर उन्होंने अपना बैल खेत में चरने के लिए छोड़ा था। शाम को उन्हें जानकारी मिली कि पड़ोसी गांव परास निवासी शंकर लाल बैल को अपने साथ ले गया है।

जातिसूचक गालियां देने का आरोप
8 अगस्त की सुबह केशई अपने बेटे छविलाल, भांजे अमन और भतीजे अशोक के साथ शंकर लाल के घर बैल के बारे में पूछताछ करने पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद एहसान उस्मानी और गुफरान ने उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। पीड़ित परिवार ने जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया है।

CO को सौंपी थी जांच 
मारपीट में छविलाल और अमन घायल हुए। घटना का वीडियो भी सामने आया था। केशई की शिकायत पर सैनी थाने में शंकर लाल, एहसान उस्मानी और गुफरान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच CO सिराथू सत्येंद्र प्रसाद तिवारी को सौंपी गई।

एक आरोपी की गिरफ्तारी अभी भी बाकी
पुलिस ने एहसान और शंकर लाल को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई से वे संतुष्ट नहीं हैं और एक आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

हर संभव मदद का भरोसा दिया
मंगलवार रात करीब 9 बजे प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान प्रोटोकॉल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों से मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।

Share