इंदौर में आईआरसी ट्रॉफी बैडमिंटन प्रतियोगिता 15 अगस्त से, 13 तक होंगे प्रवेश

इंदौर। इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आईआरसी ट्रॉफी ओपन मिनी एवं सब जूनियर इंदौर जिला रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता 15 अगस्त से आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्सविज़ बैडमिंटन एकेडमी, रेसीडेंसी क्लब द्वारा रेसीडेंसी क्लब परिसर में किया जाएगा।
इंदौर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव आरपी सिंह नैयर एवं आयोजन सचिव पराग गुप्ता ने बताया कि यह प्रतियोगिता 18 अगस्त तक चलेगी। इसमें बालक एवं बालिका वर्ग में अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग के एकल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रवेश की अंतिम तिथि 13 अगस्त निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि सभी मुकाबले 15-15 अंकों के तीन गेम्स के होंगे तथा 21 अंकों तक विस्तार रहेगा। मैच एमपीबीए और बीएआई द्वारा अनुमोदित रैली पॉइंट सिस्टम के अनुसार खेले जाएंगे।
जिला टीम का होगा चयन
आरपी सिंह नैयर ने बताया कि यह इस सत्र की तीसरी रैंकिंग प्रतियोगिता होगी। जिला चैंपियनशिप और रैंकिंग प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मिनी एवं सब जूनियर जिला टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी मिनी एवं सब जूनियर राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप में इंदौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में प्रवेश के लिए आयोजन समिति सचिव पराग गुप्ता, कोच राज ठाकुर, रेसीडेंसी क्लब तथा नेहरू स्टेडियम बैडमिंटन हॉल स्थित कार्यालय में मनीष त्रिवेदी से संपर्क किया जा सकता है।