झाबुआ नगर पालिका की डिजिटल पहल: 15 अगस्त से ‘आपके द्वार’ वेब एप; घर बैठे कर सकेंगे आवेदन

झाबुआ। नगर पालिका परिषद झाबुआ नागरिकों को डिजिटल माध्यम से जल्द से जल्द सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी में है। 15 अगस्त से ‘नगर पालिका आपके द्वार’ वेब एप लॉन्च किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए नगर पालिका कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी एप की जानकारी
नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष कविता सिंगार, उपाध्यक्ष लाखन सिंह सोलंकी और राजस्व सभापति विजय सिंह चौहान ने डिजिटल सेवा पोर्टल की जानकारी दी।
राजस्व सभापति विजय सिंह चौहान ने बताया कि आमजन को कार्यालयों के चक्कर लगाने से होने वाली परेशानी को देखते हुए इस वेब एप को तैयार किया गया है। 15 अगस्त से इसे आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। शुरुआती तौर पर इसके संचालन का परीक्षण किया जाएगा और जरूरत के अनुसार आगे इसमें और सेवाएं जोड़ी जाएंगी।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से लेकर नल कनेक्शन तक
वेब एप के माध्यम से नागरिक जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, पंजीकरण प्रमाण पत्र, नो ड्यूज और नवीन नल कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आने वाले समय में नगर पालिका से जुड़ी अन्य सेवाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
आसान इंटरफेस, समय और श्रम की होगी बचत
सॉफ्टवेयर डेवलपर मयूर चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में वेब एप की कार्यप्रणाली और तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी। एप का इंटरफेस सरल रखा गया है, ताकि आम नागरिक आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें।
डिजिटल व्यवस्था से नागरिकों के समय और श्रम की बचत होगी। साथ ही आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और सेवाएं भी पहले की तुलना में तेजी से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।