| |

लिम्बोदी में 7,000 वर्गफीट खानदानी जमीन पर कब्जे का आरोप: मंदिर बनाकर रास्ता किया बंद; महिला ने कलेक्टर से मांगी मदद

इंदौर। शहर के लिम्बोदी क्षेत्र में खानदानी जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में हुई जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनकी करीब 7,000 वर्गफीट जमीन पर गांव के कुछ लोगों ने मंदिर बनाकर कब्जा कर लिया है और अब परिवार को वहां जाने से रोका जा रहा है।

जमीन के बीच में मंदिर बनाने का आरोप
महिला ने बताया कि जमीन के बीचों-बीच कुछ लोगों ने मिलकर मंदिर का निर्माण कर दिया। जब भी परिवार के सदस्य जमीन देखने या वहां पहुंचने की कोशिश करते हैं, तो कमल नागर, उनके बेटे, दशरथ राठौर और कृष्णा एवेन्यू कॉलोनी के कुछ लोग वहां एकत्र होकर विरोध करने लगते हैं।

प्रशासनिक कार्रवाई रुकवाने का आरोप
पीड़िता का कहना है कि कई बार प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कब्जा दिलाने पहुंचे, लेकिन आरोपित पक्ष नेताओं से फोन लगवाकर कार्रवाई रुकवा देता है। महिला ने आशंका जताई कि यह दबाव स्थानीय राजनीतिक संपर्कों के जरिए बनाया जा रहा है।

विधायक से भी लगाई थी मदद की गुहार
महिला ने बताया कि वे इस मामले को लेकर स्थानीय विधायक मधु वर्मा से भी मिली थीं। विधायक ने जमीन दिलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद उनसे दोबारा मुलाकात नहीं हो सकी।

कलेक्टर बोले- गंभीरता से होगी जांच
मामले पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि महिला की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी भी मांगी है।

Share