इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 4 प्रतिष्ठानों पर छापा; 535 किलो से ज्यादा घी-पनीर जप्त

इंदौर। त्योहारों के पहले इंदौर में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में मंगलवार को शहर के चार प्रतिष्ठानों पर छापे मारे गए। इस दौरान 535 किलो से ज्यादा मिलावट वाला घी और पनीर जप्त किया गया। इसकी कीमत 3 लाख रुपए से अधिक बताई गई है।

सिंध डेयरी से 252 किलो घी और पनीर मिला
खाद्य विभाग की टीम ने मुराई मोहल्ला स्थित सिंध डेयरी फार्म पर छापा मारा। यहां से 149 किलो घी और 103 किलो पनीर मिला। कुल 252 किलो सामान जप्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपए है। जांच में डेयरी का खाद्य लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद वहां चल रहा निर्माण कार्य सील कर दिया गया।

पालदा में 255 किलो घी जप्त
पालदा स्थित नारायण इंटरप्राइजेज से किंग घी और राधा माधव घी ब्रांड का 255 किलो घी जप्त किया गया। इसकी कीमत करीब 1.53 लाख रुपए बताई गई है।

सियागंज में घी के डिब्बे सील
कमलेश ट्रेडर्स, सियागंज से गुजरात का 28 किलो महीसागर घी संदिग्ध मिलने पर सील कर दिया गया।

नमकीन दुकान और हॉस्टल से भी सैंपल लिए
टीम ने रतलाम नमकीन कॉर्नर और आशुतोष हॉस्टल से भी खाने-पीने की चीजों के नमूने लिए। सभी नमूने जांच के लिए भोपाल की लैब भेजे गए हैं।
कलेक्टर बोले- कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि त्योहारों के समय दूध, घी, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए लगातार जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसी कार्रवाई हुई है और आगे भी मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।