इंदौर में LNCT के 200 से ज्यादा स्टूडेंट्स जनसुनवाई में पहुंचे: SC-ST-OBC छात्रों की 3 साल से स्कॉलरशिप अटकी; कलेक्टर से राशि दिलाने की मांग

इंदौर। LNCT ग्रुप के खिलाफ मंगलवार को एक और शिकायत लेकर स्टूडेंट्स जनसुनवाई पहुंचे। 200 से ज्यादा स्टूडेंट्स स्कॉलरशिप नहीं मिलने पर इंदौर कलेक्टर कार्यालय पहुंच कर शिकायत की। स्टूडेंट्स ने कलेक्टर शिवम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर पिछले तीन साल से रूखी हुई स्कॉलरशिप की राशि दिलाने की मांग की।
SC, ST और OBC स्टूडेंट्स ने की शिकायत
छात्रों का आरोप है कि SC, ST और OBC वर्ग के कई विद्यार्थियों को पिछले तीन साल से स्कॉलरशिप की राशि नहीं मिली है। छात्रों के मुताबिक कॉलेज प्रबंधन से लगातार स्कॉलरशिप को लेकर जानकारी मांगी जा रही है, लेकिन हर बार राशि नहीं आने की बात कहकर उन्हें टाल दिया जाता है।
स्टूडेंट्स का कहना है कि उन्हें बताया जा रहा है कि भोपाल से स्कॉलरशिप की राशि नहीं आई है। इसके चलते पिछले तीन साल से उन्हें एक रुपया भी नहीं मिला है।
कलेक्टर ने जांच का आश्वासन दिया
स्टूडेंट्स की शिकायत पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। स्कॉलरशिप की राशि छात्रों को क्यों नहीं मिली, इसकी जांच कराई जा रही है। संबंधित विभागों से रिपोर्ट भी मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
LNCT ग्रुप पहले से जांच के घेरे में
LNCT ग्रुप के खिलाफ पहले से ही आर्थिक अनियमितताओं को लेकर जांच चल रही है। EOW और ED द्वारा करीब 200 करोड़ रुपए की आर्थिक अनियमितता से जुड़े आरोपों की जांच किए जाने की बात सामने आई है। अब स्कॉलरशिप नहीं मिलने को लेकर छात्रों की शिकायत ने ग्रुप की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।