इंदौर में 100 साल पुराने उर्दू स्कूल की हालत खराब: 4 कमरों में पढ़ रहे 80 बच्चे; नई बिल्डिंग का इंतजार

इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक ऐसा सरकारी स्कूल है, जो इस साल अपने 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, लेकिन शताब्दी वर्ष में भी बदहाली से जूझ रहा है। शासकीय उर्दू माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-20 की इमारत जर्जर हालत में है।
स्कूल में महज 4 कमरे हैं, जिनमें 8वीं तक की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। करीब 80 बच्चे इन कमरों में पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल की छत से पानी टपकने की शिकायत भी सामने आई है।
1926 में हुई थी स्कूल की शुरुआत
स्कूल प्राचार्य शाजिद बेग उमद के मुताबिक स्कूल की शुरुआत 1926 में हुई थी और वर्ष 2026 में यह अपने 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। स्कूल से राहत इंदौरी सहित कई नामचीन हस्तियां पढ़कर निकली हैं। समय के साथ भवन की देखरेख नहीं हो पाने के कारण इसकी स्थिति खराब होती चली गई।

4 कमरों में 8वीं तक की कक्षाएं
प्राचार्य ने कहा कि स्कूल में वर्तमान में केवल चार कक्ष उपलब्ध हैं। इन्हीं चार कमरों में कक्षा 8वीं तक की पढ़ाई संचालित की जा रही है। दो-दो कक्षाओं को एक साथ संचालित करना पड़ रहा है। जर्जर भवन के साथ छत पर लगी चादरों से बारिश के दौरान पानी टपकने की समस्या भी बनी हुई है।

नई बिल्डिंग के लिए कई बार भेजे पत्र
प्राचार्य ने बताया कि स्कूल की नई बिल्डिंग के निर्माण को लेकर शिक्षा विभाग को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं। नगर निगम के भवन अधिकारी भी स्कूल का निरीक्षण कर चुके हैं। स्कूल को खाली कर दूसरी जगह शिफ्ट करने का नोटिस भी दिया गया था। इसके बाद शिक्षा विभाग को बच्चों और स्कूल को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक वैकल्पिक स्थान नहीं मिला है।
प्राचार्य के अनुसार नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया है। जोनल अधिकारी से भी इस संबंध में जानकारी ली गई, लेकिन अभी तक निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
निगम अधिकारी बोलीं- टेंडर प्रक्रिया में
मौके पर पहुंची निगम भवन अधिकारी पल्लवी पाल ने बताया कि स्कूल में करीब 80 बच्चे पढ़ते हैं। शिकायत मिलने के बाद निरीक्षण किया गया, जिसमें पानी टपकने की समस्या सामने आई। उन्होंने बताया कि निगम की ओर से पहले भी स्कूल को खाली कर दूसरी जगह शिफ्ट करने का नोटिस दिया गया था।
उन्होंने कहा कि नई शाला भवन बनाने की प्रक्रिया को लेकर जानकारी मिली है और टेंडर प्रक्रिया में है। टेंडर क्लियर होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की बात कही गई है।

निगम कमिश्नर बोले- शिक्षा विभाग के साथ करेंगे जांच
निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने कहा कि उन्हें स्कूल की स्थिति की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। अब निगम की टीम मामले की जांच करेगी। शिक्षा विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण कर स्कूल की स्थिति और नई बिल्डिंग को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।