झाबुआ में 86 लीटर गोवर्धन घी जब्त: भोपाल में सैंपल फेल होने के बाद सप्लाई चेन पर कार्रवाई; 60 हजार का स्टॉक पकड़ा

झाबुआ। खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने झाबुआ शहर में कार्रवाई करते हुए 86 लीटर गोवर्धन घी जब्त किया है। जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार 200 रुपए बताई गई है।
भोपाल में गोवर्धन घी का सैंपल जांच में फेल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसकी सप्लाई चेन को ट्रेस किया। इसी क्रम में झाबुआ नगर स्थित खुशी इंटरप्राइजेज पर कार्रवाई करते हुए गोवर्धन घी का स्टॉक जब्त किया गया।

10 दिवसीय अभियान में 20 सैंपल जांच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में मिलावट के खिलाफ 10 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक जिले से खाद्य पदार्थों के कुल 20 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें पनीर का एक नमूना जांच में अवमानक पाया गया है।

विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ ही मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा और वेलसिंह मोरी की उपस्थिति में की गई।