| |

गुना में 1.50 करोड़ की चोरी के आरोपी पकड़ाए: 985 ग्राम सोने के जेवर बरामद; MP से राजस्थान तक हुई थी तलाश

गुना। चक चुरेला गांव में हुई करीब 1.50 करोड़ रुपये की चोरी का गुना पुलिस ने सिर्फ 6 दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर करीब 985 ग्राम सोने के जेवर बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत लगभग 1.48 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गुना पुलिस ने SP हितिका वासल के निर्देश पर यह चोरी का मामला सुलझाया। इस कार्रवाई में एएसपी प्रशांत सिंह सुमन और एसडीओपी विवेक अष्ठाना की अहम भूमिका रही।

तिजोरी समेत लाखों की नकदी और जेवर ले गए थे बदमाश
2 और 3 अगस्त 2026 की दरमियानी रात ग्राम चक चुरेला निवासी बाबूलाल मीना के घर में अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश घर में रखी तिजोरी उठाकर ले गए, जिसमें-

  • करीब 2 से 2.5 किलो सोने के जेवर
  • 3 किलो चांदी के जेवर
  • 11.50 लाख रुपये नकद
  • एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल रखी थी।

घटना के बाद फतेहगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 175/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

गांव में नहीं थे CCTV, पुलिस के सामने थी बड़ी चुनौती
घटनास्थल और आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। एसपी हितिका वासल ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस ने फिंगर प्रिंट टीम, डॉग स्क्वाड, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। संदिग्धों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण भी किया गया।

मध्यप्रदेश से राजस्थान तक चली तलाश
आरोपियों की पहचान के बाद पुलिस टीमों ने गुना, शिवपुरी, विदिशा, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, भोपाल, इंदौर, शाजापुर, देवास और श्योपुर सहित राजस्थान के बारां, कोटा, झालावाड़, छबड़ा और कवई क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार फील्ड ऑपरेशन और विभिन्न टीमों के समन्वय के बाद पुलिस को सफलता मिली।

ये आरोपी गिरफ्तार हुए
राजू पुत्र कवरया पारदी (35 वर्ष) ,गजानंद पुत्र देवला पारदी (48 वर्ष) दोनों ग्राम कनेरा, थाना धरनावदा, जिला गुना के निवासी हैं। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर 985.150 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए गए।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि शेष चोरी की संपत्ति भी जल्द बरामद कर ली जाएगी।

Share