डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल का ऐलान: अब हर शुक्रवार जनता के बीच पहुंचेंगे अधिकारी; एक ही जगह पर मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

रीवा। लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने के उद्देश्य से जिले में ‘जन विश्वास अभियान’ की शुरुआत हो गई है। अभियान का पहला शिविर सिरमौर विकासखंड में आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और लोगों की समस्याओं को सुनकर कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
पहले शिविर में मिले 322 आवेदन
अभियान के पहले शिविर में प्रशासन को कुल 322 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 160 आवेदनों का अधिकारियों ने मौके पर ही निराकरण कर दिया। शेष आवेदनों पर भी निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
डिप्टी सीएम ने बताई अभियान की रूपरेखा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अभियान की रूपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि ‘जन विश्वास अभियान’ का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का बिना देरी समाधान करना है।
हर शुक्रवार अधिकारियों का जनता से सीधा संवाद
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अब जिले में हर शुक्रवार प्रशासनिक अधिकारी जनता के बीच पहुंचेंगे। अधिकारी न केवल लोगों की समस्याएं सुनेंगे, बल्कि संभव होने पर उनका मौके पर ही निराकरण भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी। साथ ही सरकारी योजनाओं की मॉनीटरिंग बेहतर होगी और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अभियान के तहत आगामी शुक्रवार को भी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।