| | |

MD ड्रग्स का फरार तस्कर इंदौर में गिरफ्तार: आरोपी पर दर्ज है 12 केस; नेटवर्क और सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने अवैध MD ड्रग तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राकेश तंवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से 12 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकिंग का काम करता है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

पूर्व में चिराग से 10.10 ग्राम MD बरामद
क्राइम ब्रांच के अनुसार, मामले में पूर्व में आरोपी चिराग से 10.10 ग्राम MD ड्रग बरामद की गई थी। जब्त ड्रग की अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपए बताई गई है। इसी मामले में राकेश तंवर की तलाश की जा रही थी।

ड्रग के नेटवर्क को लेकर पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से MD ड्रग के स्रोत, सप्लायर और उससे जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ड्रग कहां से हासिल करता था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

2026 में NDPS एक्ट के 54 मामलों में कार्रवाई
क्राइम ब्रांच के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक NDPS एक्ट के तहत 54 मामलों में 117 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और इनके नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share