रीवा में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की तैयारी: एक हफ्ते में सड़कों पर उतरेंगी बसें; रीवा से सतना-सीधी-जबलपुर तक चलेगी

रीवा। शहर में जल्द ही इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है। नगर निगम आयुक्त आईएएस अक्षत जैन ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बस डिपो का निरीक्षण कर अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर बसों का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए।
चार्जिंग और दस्तावेजी तैयारियों पर जोर
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने चार्जिंग सिस्टम, बसों के पंजीयन, कंडक्टरों के प्रशिक्षण और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि डिपो में चार्जर स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि शेष व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।

9 करोड़ की परियोजना, तीन प्रमुख शहरों को जोड़ेगी सेवा
करीब 9 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना के तहत रीवा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करेगी। प्रारंभिक चरण में ये बसें रीवा से सतना, सीधी और जबलपुर मार्ग पर चलाई जाएंगी। प्रत्येक रूट पर दो-दो इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की योजना है।
स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की दिशा में कदम
निगम आयुक्त अक्षत जैन ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से शहर को स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा। इससे प्रदूषण में कमी आएगी और रीवा को सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और परिवहन व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे। निगम प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस संचालन से पहले सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।