|

सतना में 4 दिन से लापता युवक का शव मिला: पुलिस पर शिकायत देरी से दर्ज करने के आरोप; ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

सतना। चार दिन से लापता युवक अतुल कुशवाहा का शव मिलने के बाद मंगलवार को बवाल हो गया। युवक की मौत से परिजनों और ग्रामीणों आक्रोश में थे। साथ ही पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए है। परिजनों ने थाने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए है। विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर गुमशुदगी दर्ज कर कार्रवाई की जाती तो शायद युवक की जान बच सकती थी।

पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने पर देरी की
ग्रामीणों का आरोप है कि युवक के लापता होने के बाद जसो थाना पुलिस ने समय पर गुमशुदगी दर्ज नहीं की। परिजन लगातार थाने के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति पर उन्होंने संदेह जताया था, उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।

शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
अतुल का शव मिलने की खबर फैलते ही अमकुई गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान डायल-112 वाहन पर पथराव और पुलिस वाहनों को रोकने की बात सामने आई है।

महिलाओं की पुलिस से हुई झूमाझटकी
प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उचेहरा और नागौद थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। SDOP पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

गांव में तनाव, जांच में जुटी पुलिस
अमकुई गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share