इंदौर में प्रयागराज की NEET छात्रा से रेप: इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती; कोचिंग जाते समय ले गया था, 4 दिन से साथ में थी

प्रयागराज/इंदौर। प्रयागराज की एक 17 वर्षीय नाबालिग NEET छात्रा से दुष्कर्म करने वाले इंदौर के युवक को सिविल लाइंस पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जबलपुर निवासी शैल्विन फ्रांसिस के रूप में हुई है, जो वर्तमान में इंदौर की एक गैस एजेंसी में काम करता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धाराएं बढ़ाते हुए उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे नैनी जेल भेज दिया गया।
ई-रिक्शा से कोचिंग के लिए निकली थी छात्रा
करेली निवासी 17 वर्षीय छात्रा सिविल लाइंस स्थित एक कोचिंग संस्थान से NEET की तैयारी कर रही है। 16 जुलाई को वह रोज की तरह कोचिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी ढूंढने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो 18 जुलाई को सिविल लाइंस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
कॉल डिटेल से खुला राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने जब छात्रा के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल (CDR) निकाली, तो पता चला कि वह एक विशेष नंबर पर लगातार संपर्क में थी। नंबर को सर्विलांस पर लेने पर उसकी लोकेशन इंदौर में एक गैस एजेंसी में काम करने वाले शैल्विन फ्रांसिस की पाई गई।
पुलिस के दबाव में आकर प्रयागराज छोड़ भागा
पुलिस ने जब शैल्विन से फोन पर संपर्क किया, तो शुरुआत में उसने छात्रा के बारे में जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, पुलिस द्वारा लगातार लोकेशन ट्रेस करने और कानूनी शिकंजा कसने के डर से आरोपी घबरा गया। 20 जुलाई को वह छात्रा को चुपचाप प्रयागराज लाकर छोड़ गया और फरार हो गया।
4 महीने पहले हुई थी इंस्टाग्राम पर दोस्ती
छात्रा ने पुलिस व कोर्ट को दिए बयान में बताया कि करीब 4 महीने पहले शैल्विन से उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी। आरोपी ने खुद को कॉल सेंटर का कर्मचारी बताया था। 13 जुलाई को वह प्रयागराज आया और 16 जुलाई को कोचिंग जाते समय छात्रा को बहला-फुसलाकर इंदौर ले गया, जहां एक कमरे में रखकर उसके साथ गलत काम किया।
मजिस्ट्रेट बयान के बाद बढ़ीं धाराएं, सिविल लाइंस पुलिस ने किया गिरफ्तार
22 जुलाई को छात्रा का कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने बयान (164 CrPC) दर्ज कराया गया। बयानों के आधार पर पुलिस ने केस में पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ दीं। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि शनिवार को आरोपी के प्रयागराज में होने की सटीक सूचना मिली थी।
इसके बाद एसआई दिग्विजय सिंह और उनकी टीम ने घेराबंदी कर रेलवे अस्पताल के पास से आरोपी शैल्विन फ्रांसिस को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।