| |

 डिप्टी CM बोले- एंबुलेंस के दोषी को होगी सजा: मंडला में अस्पताल से 18KM पहले खत्म हुआ था ऑक्सीजन; 108 में हुई थी मरीज की मौत

रीवा। रीवा में मीडिया से चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा- 108 एंबुलेंस लोगों की मदद के लिए है। जांच में लापरवाही सामने आने पर दोषियों को सजा दी जाएगी। दरअसल, 21 वर्षीय अजीत बरैया लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित था।

वह मंडला जिला अस्पताल में नियमित डायलिसिस करा रहा था। 27 जुलाई को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे बम्हनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार और ऑक्सीजन सपोर्ट देने के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि गंभीर स्थिति की जानकारी देने के बावजूद 108 एंबुलेंस करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। उनका कहना है कि रास्ते में एंबुलेंस का ऑक्सीजन सिलेंडर खाली हो गया, जिससे अजीत को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और उसने अपने पिता की गोद में ही दम तोड़ दिया।

चार सदस्यीय समिति कर रही जांच
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था और एंबुलेंस सेवा में लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जांच के लिए जिला प्रशासन ने चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति पूरे घटनाक्रम की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share