| | |

चुट्टिलू कॉटेज की तर्ज पर बना भोगापुरम एयरपोर्ट: पीएम मोदी ने फैसिलिटीज का लिया जायजा, अमरावती में भव्य रोड शो

अमरावती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने एक दिवसीय दक्षिण भारत के दौरे के तहत आंध्र प्रदेश और कर्नाटक पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे दिल्ली से आंध्र प्रदेश के अमरावती आगमन पर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। अमरावती पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने एक भव्य रोड शो में हिस्सा लिया, जहां सड़क के दोनों ओर जमा लोगों ने उनका गर्मजोशी से अभिवादन किया।

इसके बाद वे विजयनगरम जिले के भोगापुरम स्थित ‘अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पहुंचे, जहां उन्होंने नए टर्मिनल और उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का डिजाइन आंध्र की पारंपरिक ‘चुट्टिलू कॉटेज’ संस्कृति से प्रेरित होकर तैयार किया गया है।

18 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान आंध्र प्रदेश और कर्नाटक को बुनियादी ढांचे और विकास की एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। पीएम मोदी इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर, रिन्यूएबल एनर्जी (अक्षय ऊर्जा) और रोड कनेक्टिविटी से जुड़ी लगभग 18,000 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इन महत्वाकांक्षी योजनाओं में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की कई प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं, जो क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई रफ्तार देंगी। इसमें करीब 5,000 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार हुआ भोगापुरम का अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल प्रमुख आकर्षण है।

दोपहर में मैसूरु का रुख करेंगे पीएम
आंध्र प्रदेश के कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर बाद कर्नाटक के मैसूरु के लिए रवाना होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर करीब 3:30 बजे मैसूरु स्थित प्रसिद्ध श्री रामकृष्ण आश्रम पहुंचेंगे। यहां वे स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र द्वारा निर्मित ‘विवेक स्मारक’ का भव्य उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर दोनों राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासनिक तैयारियां पूरी मुस्तैदी से संभाली गई हैं।

राहुल गांधी पहुंचे तमिलनाडु
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को तमिलनाडु दौरे पर चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे। वह मामल्लापुरम में कांग्रेस के जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 23 जुलाई से 1 अगस्त तक चले 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह को संबोधित करेंगे। साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रोडमैप तैयार करेंगे। बैठक का मुख्य फोकस बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ना है। बैठक के बाद राहुल गांधी राज्य के सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और पूर्व उम्मीदवारों के साथ भी अलग से बैठक करेंगे।

Share