| |

निशातपुरा स्टेशन पर रुकेगी रीवा-इंदौर एक्सप्रेस: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने रेलवे को लिखा पत्र; कहा- यह जनहित के लिए जरूरी

रीवा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रेलवे को पत्र लिखा। उनकी मांग है कि रीवा-इंदौर एक्सप्रेस को निशातपुरा स्टेशन पर रोका जाए। गाड़ी संख्या 11703 और 11704 स्टेशन पर रुकने से हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और आसपास के जिलों से हर दिन बड़ी संख्या में लोग पढ़ाई, नौकरी, बिजनेस, इलाज और अन्य कामों के लिए भोपाल आते-जाते हैं। इन यात्रियों के लिए रेवांचल एक्सप्रेस सबसे प्रमुख ट्रेन मानी जाती है। इसमें अक्सर सीटें उपलब्ध नहीं रहतीं। ऐसे में कई यात्रियों को मजबूरी में रीवा-इंदौर एक्सप्रेस से सफर करना पड़ता है।

यात्रियों को मिलेगी राहत
निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने के बाद ट्रेनों का संचालन और ठहराव किया जा रहा है। ट्रेन रुकने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। खासकर उन लोगों को फायदा होगा, जिन्हें भोपाल के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में जाना होता है। उन्हें मुख्य रेलवे स्टेशन तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय और यात्रा दोनों की बचत होगी।

यह मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी
राजेंद्र शुक्ल ने पत्र में कहा कि यह मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी है। निशातपुरा स्टेशन पर ट्रेन रुकने से विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव भी कुछ कम होगा। इससे यात्रा और आसान बनने की उम्मीद है।

भोपाल की यात्रा होगी आसान
उपमुख्यमंत्री ने रेलवे प्रशासन से इसपर जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि इससे विंध्य क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। भोपाल की यात्रा पहले की बजाए और आसान हो जाएगी।

Share