इंदौर प्रशासन से ACS अनिरुद्ध मुखर्जी नाराज: अधिकारीयों से पत्र लिखकर मांगा जवाब; कहा- लापरवाही की तो होगी कार्रवाई

इंदौर। राजस्व मामलों में रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने और प्रकरणों के निपटारे में देरी को लेकर राजस्व मंडल ग्वालियर के अध्यक्ष एवं ACS अनिरुद्ध मुखर्जी ने इंदौर जिला प्रशासन पर नाराजगी जताई है। उन्होंने इस संबंध में जिला प्रशासन को पत्र भेजकर अधिकारियों से देरी के कारणों का जवाब मांगा है।
राजस्व मंडल अध्यक्ष ने पत्र में बताया कि कोर्ट की ओर से इंदौर के विभिन्न राजस्व न्यायालयों में चल रहे मामलों से जुड़े दस्तावेज कई बार मांगे गए थे, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने समय पर रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए। इसके चलते 22 मामलों के निराकरण में अनावश्यक देरी हो रही है।
कोर्ट के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेने पर नाराजगी
अनिरुद्ध मुखर्जी ने पत्र में लिखा कि बार-बार जानकारी मांगने के बाद भी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया जाना यह दर्शाता है कि कोर्ट के पत्रों और निर्देशों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रशासनिक स्तर पर असंतोषजनक स्थिति बताया है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि देरी के पीछे के कारणों की जानकारी दी जाए। किसी अधीनस्थ अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
राजस्व मंडल का कैंप इंदौर में 29 और 30 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संबंधित मामलों के दस्तावेज और अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
राजस्व मंडल ने पत्र के साथ 22 रुके मामलों की सूची भी भेजी है। इनमें SDO, तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्तर पर चल रहे प्रकरण शामिल हैं। इन सभी मामलों से जुड़े रिकॉर्ड जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।