इंदौर में ट्रकों से बैटरी चोरी करने वाली गैंग गिरफ्तार: 24 घंटे में चार आरोपी पकड़ाए; 3 लाख का माल बरामद

इंदौर। भंवरकुआ थाना पुलिस ने ट्रकों से बैटरी चोरी करने वाली गैंग को पुलिस ने 24 घंटे के पकड़ा। चार आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद कर उनको गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में पुलिस ने करीब 3 लाख 20 हजार रुपए जब्त किया है।
ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े ट्रकों को बनाते थे निशाना
आरोपी सुनसान इलाकों और पार्किंग में खड़े बड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। आरोपी ट्रकों से बैटरी और अन्य सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। मामले में भंवरकुआ थाने में अपराध क्रमांक 781/26 धारा 303(2) BNS के तहत केस दर्ज किया गया था।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
चोरी की वारदात के बाद पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध ऑटो चालक दिखाई दिया। पुलिस ने जांच और मुखबिर की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई और गैंग का खुलासा कर दिया।
चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
पुलिस ने आरोपी मुदस्सीर खान उर्फ मेडी, रशीद खान, मोहसिन खान और सोनू उर्फ शाबाज शाह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 2 बैटरी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो क्रमांक MP09RB2062 बरामद किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।
सम्पत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर भंवरकुआ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष दूधी, प्रधान आरक्षक सोहन मोर्य, आरक्षक अंकित सिंह भदौरिया और आरक्षक जितेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।