भोपाल में किसानों का बड़ा आंदोलन: 100% मूंग खरीदी और खाद व्यवस्था में सुधार की मांग; भारी पुलिस बल तैनात

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मूंग की 100% सरकारी खरीदी, खाद वितरण व्यवस्था में सुधार सहित अलग-अलग मांगों को लेकर प्रदेशभर से हजारों किसान भोपाल पहुंच गए हैं। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
नर्मदापुरम रोड पर चक्का जाम, यातायात प्रभावित
किसानों ने नर्मदापुरम रोड पर चक्का जाम कर दिया है, जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। यातायात व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है।

‘लिखित आश्वासन तक आंदोलन जारी रहेगा’
आंदोलन कर रहे किसानों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस और लिखित निर्णय नहीं लेती, तब तक वे आंदोलन को खत्म नहीं करेंगे। किसानों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय सेपुरी नहीं हो रही है और अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा।
कांग्रेस ने आंदोलन को दिया समर्थन
कांग्रेस ने भी किसानों के आंदोलन का समर्थन किया है। पार्टी ने सीएम से किसानों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की है। कांग्रेस का कहना है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की सख्ती या अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा और पार्टी उनके हक की लड़ाई में पूरी मजबूती से साथ खड़ी रहेगी।
बातचीत पर टिकीं सभी की निगाहें
आंदोलन स्थल पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी जारी है। सरकार और किसान नेताओं के बीच संभावित बातचीत को लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि बातचीत के जरिए किसानों की मांगों पर सहमति बनती है या आंदोलन आगे और तेज होता है।
सीएम बोले- संवाद से निकलेगा समाधान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों के हित में लगातार काम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों से संवाद के लिए एक समिति गठित की गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना, विश्वास सारंग और कृष्णा गौर किसानों के मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसकी चिंता दोनों पक्षों को करनी चाहिए। सरकार संवाद के माध्यम से सभी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
उमंग सिंघार बोले- कमेटी नहीं, तुरंत निर्णय ले सरकार
किसान आंदोलन के बीच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से हजारों किसान अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्वक भोपाल पहुंचे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय कमेटी बनाकर समय टाल रही है। उन्होंने सरकार से मूंग की 100% सरकारी खरीदी सुनिश्चित करने, खाद वितरण व्यवस्था में सुधार करने और किसानों से जुड़े सभी लंबित मुद्दों का समाधान करने की मांग की।