रीवा में नशे के नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, पति-पत्नी गिरफ्तार: 930 नशीली कफ सिरप और ₹1.70 लाख नकद जब्त

रीवा। नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की झांझर कॉलोनी में किराए के मकान पर दबिश देकर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप, लाखों की नकदी और अन्य सामग्री बरामद की है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
नशीली कफ सिरप और 1.70 लाख नकद जब्त
रीवा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने झांझर कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान पर छापेमार कार्रवाई की। पुलिस ने यहां से 930 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही 1 लाख 70 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पति-पत्नी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी विनय दीपांकर और उसकी पत्नी पलक पाण्डेय को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में दोनों पर अवैध रूप से नशीली कफ सिरप का कारोबार करने का आरोप है। बरामद नकदी को भी इस अवैध कारोबार से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली कफ सिरप की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसका नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
सीएसपी राजीव पाठक का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।