MPPSC का बड़ा फैसला: 2019 से 2024 तक की उत्तर पुस्तिकाएं देख सकेंगे अभ्यर्थियों, पांच साल से लगी रोक हटाई
इंदौर। आखिरकार छात्रों की मांग को स्वीकार करते हुए मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने पांच साल से लगी रोक को हटाते हुए राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2019 से 2024 तक की उत्तर पुस्तिकाएं अभ्यर्थियों को दिखाने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था इसी साल नवंबर से शुरू होगी। ओबीसी आरक्षण विवाद कोर्ट में लंबित होने के कारण परिणाम दो भागों में घोषित हो रहे हैं, इसलिए फिलहाल मुख्य भाग के 87% अभ्यर्थियों को ही उत्तर पुस्तिकाएं देखने की अनुमति होगी।
13% होल्ड अभ्यर्थियों को करना होगा इंतज़ार
प्रोविजनल भाग में शामिल शेष 13% होल्ड अभ्यर्थियों को कोर्ट के अंतिम फैसले का इंतजार करना होगा। आयोग अगस्त में प्रस्तावित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 और सितंबर में होने वाली मुख्य परीक्षा 2026 की भी उत्तर पुस्तिकाएं दिखाएगा।
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
उत्तर पुस्तिका देखने के लिए छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए 2019 से 2024 तक के अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवदेन कीशुरुआत नवंबर में वर्ष 2019 की परीक्षा के अभ्यर्थियों से होगी, जिसके बाद हर माह एक या दो मुख्य परीक्षा की कॉपियां दिखाई जाएंगी।
कॉपी देखने के लिए मिलेगा सिर्फ 2 से 4 मिनट का समय
अभ्यर्थियों को आयोग के रेसीडेंसी स्थित इंदौर मुख्यालय बुलाया जाएगा। यहां मुख्य हॉल में लगे कम्प्यूटर सिस्टम पर हर घंटे 25 से 30 अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थी अपने आवेदन अनुसार से लेकर सभी 6 प्रश्न पत्रों (1400 अंक) की कॉपियां देख सकेंगे। प्रत्येक अभ्यर्थी को स्क्रीन पर कॉपी देखने के लिए 2 से 4 मिनट का समय मिलेगा।
2023 से जारी है मांग
गौरतलब है कि पिछले वर्ष और 2023 में अभ्यर्थियों के बड़े आंदोलनों में उत्तर पुस्तिकाएं दिखाना सबसे प्रमुख मांग थी पहले आयोग 13% रिजल्ट होल्ड होने का हवाला देकर तैयार नहीं था, लेकिन अब विधिक सलाह मिलने के बाद यह प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसकी फीस और विस्तृत गाइडलाइन जल्द ही MPPSC की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।