कारगिल विजय दिवस पर ABVP का ‘विजय गाथा’ व्याख्यान: इंदौर में युवाओं को सेना के शौर्य का दिया संदेश; कहा- देश विरोधी षड्यंत्रों से सतर्कता जरूरी

इंदौर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इंदौर महानगर ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कॉमर्स स्थित चाणक्य सभागृह में ‘विजय गाथा’ व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी रहे। उन्होंने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के वीर जवानों के शौर्य, पराक्रम और बलिदान की गाथा विद्यार्थियों के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का साहस आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना
मीडिया से चर्चा में डॉ. सोलंकी ने कहा- कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। साथ ही उन्हें भारतीय सेना के योगदान और बलिदान से परिचित कराना है।
देश विरोधी षड्यंत्रों से सतर्कता जरूरी
उन्होंने कहा- युवाओं को देश विरोधी षड्यंत्रों और उन्हें गुमराह करने वाले तत्वों से सतर्क रहना चाहिए। देश की एकता और अखंडता की रक्षा में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
डॉ. सोलंकी ने कहा- भारतीय सेना के प्रति सम्मान और सेवा का भाव हर विद्यार्थी और देशवासी के मन में होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।