| | |

हेड कांस्टेबल पर दुष्कर्म का आरोप, पीड़िता ने कमिश्नर से की शिकायत, लाइन अटैच करके गिरफ्तार किया, कहा- कानून से ऊपर कोई नहीं

इंदौर पुलिस ने पहली बार अपने ही विभाग के एक हेड कांस्टेबल के खिलाफ गंभीर कार्रवाई की है। इसके बाद उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। चंदन नगर थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल अंचल तिवारी पर एक मुस्लिम महिला ने दुष्कर्म, धमकी और लंबे समय तक शोषण करने का आरोप लगाया हैं। शिकायत के तुरंत बाद पुलिस अधिकारियों ने आरोपी पुलिसकर्मी को लाइन अटैच करके गिरफ्तार कर लिया।

 

सीएम हेल्पलाइन की शिकायत की जांच के दौरान बढ़ाई नजदीकी
जानकारी के अनुसार, पीड़िता से आरोपी पहचान सीएम हेल्पलाइन की शिकायत की जांच के दौरान हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं। महिला का आरोप है कि एक दिन जब वह घर में अकेली थी, तब आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने यह आरोप भी लगाया है कि कांस्टेबल ने घटना के फोटो और वीडियो बना लिए थे। वीडियो वायरल करने की धामी देकर आरोपी ने कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी उसके पति और बेटी की हत्या करने की धमकी देता था, जिसके कारण वह लंबे समय तक शिकायत दर्ज नहीं करा सकी।

 

पुलिस कमिश्नर कार्यालय में की शिकायत
परेशान होकर युवती सीधे पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच कराई। प्रारंभिक जांच के बाद डीसीपी ने आरोपी हेड कांस्टेबल को पहले लाइन अटैच किया और फिर उसे थाने बुलाकर उसकी वर्दी उतरवाई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उसी थाने की हवालात में रखा गया, जहां वह पदस्थ था।

 

 

कानून से ऊपर कोई नहीं है
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लिखित आवेदन के बाद सामने आया मामला
एडिशनल डीसीपी दिनेश अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता ने अपनी माँ के साथ थाने आकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। जिसके बाद चंदन नगर थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल अंचल तिवारी द्वारा दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इसके बाद धारा 64 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायलय ले समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Share