इंदौर में संत समाज ने निकाली रैली: गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने की रखी मांग; 11 लाख हस्ताक्षर के साथ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

इंदौर। गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर सोमवार को इंदौर में संत समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विशाल रैली निकाली। बड़ी संख्या में गौ भक्तों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया।
रैली की शुरुआत धोबी घाट मैदान से हुई, जहां से संतों और समाजजनों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर कलेक्टर कार्यालय तक मार्च किया। पूरे मार्ग में गौ संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए गए और केंद्र सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की गई।
![]()
कलेक्टर को 11 लाख हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन सौंपा
कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर संत समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति एवं केंद्र सरकार के नाम कलेक्टर को 11 लाख हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर में गौ हत्या पर सख्त और प्रभावी प्रतिबंध लागू करने के साथ ही गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की गई।
संत समाज ने कहा- गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उनका कहना था कि गौ संरक्षण के लिए पूरे देश में एक समान और कड़े कानून की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सभी मांगें लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से सरकार के समक्ष रखी गई हैं।
ज्ञापन सौंपकर समाप्त की रैली
रैली के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और ज्ञापन सौंपने के बाद रैली का समापन किया गया। इसके बाद संत समाज और विभिन्न संगठनों को उम्मीद है कि केंद्र सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करेगी।