| | |

उर्मिला सैनी हत्याकांड: गंजबासौदा में मिला कटा सिर डीएनए जांच से खुलेगा राज

इंदौर।  पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। गंजबासौदा में रेलवे ट्रैक के पास के खेत से कटा सिर बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि यह सिर उर्मिला के पति और हत्या के आरोपी अखिलेश सैनी का हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि DAN रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

पुलिस को ट्रैक से 500 मीटर दूर मिला सिर
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने खेत में सिर दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची टीम ने सिर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया। सिर काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। यह रेलवे ट्रैक से करीब आधा किलोमीटर दूर मिला है।

उर्मिला की हत्या के बाद गंजबासौदा के रेलवे ट्रैक पर एक धड़ बरामद हुआ था। पुलिस ने आशंका जताई थी कि वह अखिलेश सैनी का हो सकता है, जिसने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या की थी। लेकिन उस समय सिर नहीं मिलने से पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई थी। अब मिले सिर के डीएनए सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सिर अखिलेश का है या किसी अन्य व्यक्ति का। रिपोर्ट सोमवार तक मिलने की संभावना जताई जा रही है।

उर्मिला सैनी की गला दबाकर हत्या हुई थी
बता दें कि 11 जुलाई को इंदौर में डाक विभाग में पदस्थ पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप उसके पति अखिलेश सैनी पर है। घटना के बाद वह फरार हो गया था और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। परिजनों का आरोप है कि अखिलेश पत्नी के चरित्र पर शक करता था और पहले भी उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश कर चुका था।

Share