|

इंदौर में अभ्यास मंडल की कार्यशाला का आयोजन: डॉ. माला सिंह ठाकुर बोलीं-डॉक्टर-इंजीनियर बनने से पहले अच्छा इंसान बनें

इंदौर। अभ्यास मंडल की ओर से शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए ‘जीवन प्रबंधन एवं करियर’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें करीब 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए अभ्यास मंडल की सचिव डॉ. माला सिंह ठाकुर ने कहा कि जीवन में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील या सीए बनना अच्छी बात है, लेकिन सबसे पहले एक अच्छा इंसान बनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना भी है।

जरूरत से ज्यादा न चलाएं मोबाइल
डॉ. माला सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को समय का सही उपयोग करने, सकारात्मक सोच रखने, गुस्से पर नियंत्रण, आत्मविश्वास बढ़ाने, चरित्र निर्माण और पुस्तकों से जुड़ाव रखने की सलाह दी। साथ ही जरूरत से ज्यादा मोबाइल के इस्तेमाल से बचने और स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

अपने जुनून को पहचानें
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. पल्लवी अढ़ाव ने तनावमुक्त जीवन, लक्ष्य निर्धारण और सफलता के लिए सही दिशा में मेहनत करने पर चर्चा की। वहीं शिक्षाविद् डॉ. शंकरलाल गर्ग ने विद्यार्थियों से अपने जुनून को पहचानने और उसे पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का भी संदेश दिया।

प्रभारी प्राचार्या ने कार्यशाला को बताया उपयोगी
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या रीना जैन ने कार्यशाला को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए अभ्यास मंडल का आभार व्यक्त किया। अंत में संस्था की ओर से अतिथियों का सम्मान किया गया तथा विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए।

Share