एनटीए ने जारी की नई नियुक्तियां, 16 युवा पेशेवरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू, यह संस्थागत पुनर्गठन की दिशा में पहला ठोस कदम
अपने 47 अधिकारियों को हटाने के पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने इस हफ्ते में नई नियुक्तियां जारी कर दी है। एनटीए ने जनरल मैनेजर के लेवल पर सीनियर प्रोफेशनल पदों के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके साथ ही, यूपीएससी के प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिये 16 युवा पेशेवरों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
संस्थागत पुनर्गठन की दिशा में पहला ठोस कदम
एनटीए की ओर से की गई प्रेस रिलीज में बताया गया कि ये कदम एनटीए के संस्थागत पुनर्गठन की दिशा में पहला ठोस कदम है। यह नियुक्तियां के राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञों की उच्च-स्तरीय समिति की सिफारिशों के आधार पर की जा रही हैं।
हर पद के लिए शुरुआती कार्यकाल तीन साल
जानकारी के अनुसार हर पद के लिए शुरुआती कार्यकाल तीन साल का होगा। असेसमेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट एंड साइकोमेट्रिक्स, टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशंस, इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी और सतर्कता, जांच और फोरेंसिक इन चार विभागों के लिए जनरल मैनेजर पदों के का विज्ञापन जारी किया गया है। इन सभी पदों के लिए अलग-अलग योग्यता और अनुभव की जरूरत होगी।
सेतु पोर्टल के जरिये 16 युवा पेशेवरों को नियुक्त करेंगे
इसके साथ ही यूपीएससी प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिये 16 युवा पेशेवरों को नियुक्त किया जा रहा है। एनटीए ऐसा पहली बार कर रहा है। यह नियुक्ति उन उम्मीदवारों के लिए है जो सिविल सेवा परीक्षा में शामिल हुए हैं और प्रतिभा सेतु पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं। इसमें एकेडमिक रिसर्च में बारह पद, कानूनी रिसर्च में दो पद और फाइनेंस और अकाउंट्स में दो पद शामिल हैं।