आलीराजपुर जिला सहकारी बैंक से 24.12 लाख रुपये गायब, कैशियर फरार; FIR नहीं होने पर उठे सवाल

आलीराजपुर। जिला सहकारी बैंक में 24 लाख 12 हजार 326 रुपये नकद गायब होने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैशियर वेलसिंह पलासिया घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही बैंक के महाप्रबंधक (जीएम) ने आरोपी कैशियर और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि लाखों रुपये के कथित गबन के बावजूद बैंक प्रबंधन ने अभी तक पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत या एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। इसे लेकर लोगों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पुलिस कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है।
यह पहली बार नहीं है जब जिला सहकारी बैंक वित्तीय अनियमितताओं को लेकर चर्चा में आया हो। करीब दो वर्ष पहले भी बैंक के एक कर्मचारी पर खाताधारकों की गोपनीय आईडी का दुरुपयोग कर ग्राहकों के खातों से राशि अपने निजी खाते में स्थानांतरित करने के आरोप लगे थे। ताजा घटना के बाद बैंक के खाताधारकों और आम लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। सभी की नजर अब इस बात पर है कि पुलिस में शिकायत कब दर्ज होती है और फरार कैशियर की गिरफ्तारी कब तक हो पाती है।