| |

जंतर-मंतर छात्र प्रदर्शन पर सियासी संग्राम, पीएम आवास के बाहर राहुल-प्रियंका समेत कांग्रेस नेताओं का धरना

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए हमले के विरोध और छात्र आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई शीर्ष नेताओं के साथ पीएम आवास के पास अचानक धरने पर बैठ गए। उन्होंने छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।

दिल्ली की सत्ता के सबसे ताकतवर केंद्र यानी 7 लोक कल्याण मार्ग (पीएम आवास) के मुहाने पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के दिग्गजों की पूरी फौज अचानक सड़क पर उतर आई। सभी नेता वहीं जमीन पर बैठ गए। जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई लाठीचार्ज की गूंज पीएम आवास तक पहुंची। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अगुवाई में शीर्ष नेतृत्व ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की। देखते ही देखते सड़क छावनी में तब्दील हो गई और पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाकर वहां से ले जाया गया।

पीएम आवास के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा      

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लोक कल्याण मार्ग पर कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन तेज हो गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई। पीएम आवास के बाहर सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं।

छात्रों के समर्थन में आंदोलन जारी रखने का ऐलान

हिरासत में लिए गए विपक्षी नेताओं ने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता और उनकी मांगों की अनदेखी के खिलाफ उनका आंदोलन जारी रहेगा। नेताओं का आरोप है कि छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बावजूद प्रधानमंत्री और गृह मंत्री चुप हैं। कांग्रेस ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

Share