पीथमपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: महले कंपनी के कर्मचारी की मौत, 12 घंटे में तीसरी जान गई
पीथमपुर: आगरा -मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (एबी रोड) पर खंडवा चौराहे के पास बीती रात हुए एक सड़क हादसे में महले कंपनी के एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान यूनिवर्सल टाउनशिप निवासी संतोष डाबर के रूप में हुई है, जो अपनी स्कूटी से जा रहे थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उनकी शिनाख्त करने में सफलता मिली। इसके तुरंत बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के सही कारणों और इसमें शामिल वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। नवागत नगर पुलिस अधीक्षक कमल सिंह चौहान ने शहर में सड़क हादसों के बढ़ते सिलसिले पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि बीते 12 घंटों के भीतर शहर में यह तीसरी सड़क दुर्घटना है, जिसमें दोपहिया वाहन चालक को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि इन तीनों ही घटनाओं में एक बात समान रही कि चालकों के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। यदि चालकों ने यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट पहना होता, तो संभवतः इन अमूल्य जिंदगियों को बचाया जा सकता था।