बारहवीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी, इन विद्यार्थियों को मिलेगा शामिल होने का मौका
28 जुलाई को होने वाली बारहवीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए है। प्राइवेट और रेगुलर दोनों छात्र आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते है। एडमिट कार्ड के साथ यह सलाह भी जारी की गई है कि सभी छात्र अपने प्रवेश पत्र में नाम और अन्य जानकारी देख ले जिससे परीक्षा के समय कोई दिक्कत न हो।
2026 की बोर्ड परीक्षा में कंपार्टमेंट प्राप्त करने वाले छात्र होंगे शामिल
सीबीएसई के अनुसार, वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में कंपार्टमेंट प्राप्त करने वाले छात्र सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल होने के पात्र हैं। इसके अलावा, विषय परिवर्तन के बाद बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र भी अपने प्रदर्शन में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, वर्ष 2026 में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा पास कर चुके विद्यार्थी भी निर्धारित एक विषय में अंक सुधार (इम्प्रूवमेंट) के लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा दे सकते हैं।
रेगुलर छात्रों के लिए एडमिट कार्ड
रेगुलर छात्रों के एडमिट कार्ड सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर स्कूल लॉगिन के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। स्कूलों को ‘परीक्षा संगम’ पोर्टल से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने होंगे। इसके बाद स्कूल के प्राचार्य (प्रिंसिपल) के हस्ताक्षर और स्कूल की मुहर लगाने के बाद संबंधित छात्रों को एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।
प्राइवेट छात्रों के लिए प्रक्रिया
प्राइवेट छात्र सीबीएसई के निर्धारित पोर्टल पर अपनी आवश्यक जानकारी दर्ज कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद वे उस स्कूल के प्राचार्य से हस्ताक्षर और मुहर प्राप्त कर सकते हैं, जहां उन्होंने अंतिम बार अध्ययन किया था। यदि यह संभव न हो, तो छात्र अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र के सेंटर सुपरिटेंडेंट से भी एडमिट कार्ड पर हस्ताक्षर और मुहर लगवा सकते हैं।