परफ्यूम व्यापार की आड़ में चरस की तस्करी ; इंदौर एसटीएफ ने अंतर्राज्यीय गिरोह के दो तस्कर दबोचे
इंदौर। स्पेशल टास्क फोर्स इंदौर ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने परफ्यूम और इत्र के व्यापार की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक व्यक्ति मादक पदार्थ (चरस) लेकर इंदौर आया है और वह राजबाड़ा स्थित जायसवाल लॉज में इंदौर के एक खरीदार के साथ सौदेबाजी कर रहा है।
सूचना पर एसटीएफ की विशेष टीम ने तत्काल योजनाबद्ध तरीके से लॉज पर घेराबंदी की और मौके से दोनों आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय राम लखनन नाईक निवासी ग्राम हारामयू, कानपुर देहात उत्तर प्रदेश और 20 वर्षीय मयूर सिंह चौहान निवासी राज मोहल्ला, मल्हारगंज के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 494 ग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 5 लाख बताई जा रही है। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना एसटीएफ इंदौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। एसटीएफ अब इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी यह चरस उत्तर प्रदेश में किस बड़े गिरोह या सप्लायर से खरीदकर लाए थे और इंदौर सहित अन्य किन-किन शहरों में इसे खपाया जाना था। इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है।