|

झाबुआ में भीषण सड़क हादसा: बस-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

झाबुआ के मेघनगर में दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर रही थी कि चालक की सूझबूझ से बस खाई में जाने से बच गई। बस खाई में गिर जाती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

मेघनगर के पास झाबुआ-मेघनगर रोड पर एक बस और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रदीप बस क्रमांक (MP 46 P 1229) के चालक रईस पिता बहादुर खान निवासी राजगढ़ जिला धार की टक्कर से MP 45 ME 8024 सवार ग्राम बिसलपुर के अर्जुन पिता दलसिंह तथा ग्राम नागनखेड़ी सोहिल पिता जम्बूडा पारगी दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर हॉस्पिटल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

बस के सभी यात्री सुरक्षित

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खाई की ओर बढ़ गई। चालक ने सूझबुझ से वाहन पर नियंत्रण कर लिया, जिससे बस खाई में गिरने से बच गई। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। टीआई दिनेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

Share