|

सोनम वांगचुक के अनशन पर आमिर खान की प्रतिक्रिया आई सामने, कहा- थ्री इडियट के समय नहीं पता था कौन है सोनम, उम्मीद है कि सब कुछ अच्छे से खत्म होगा

थ्री इडियट्स में सोनम वांगचुक का किरदार निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता आमिर खान का हाल ही में एक चौकाने वाला बयान सामने आया है। लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में फिल्म लगान की स्क्रीनिंग के दौरान जब आमिर की एक फैन ने उनसे सवाल किया कि ‘हम जब बड़े हो रहे थे, तब हम पर आपका गहरा असर रहा। आप भी सोनम वांगचुक से इंस्पायर हुए हैं।’ तब आमिर ने उन्हें रोकते हुए कहा कि यह पूरी तरह गलत है जब फिल्म बन रही थी, मैं सोनम को जानता भी नहीं था। मैंने अभी चतुर (3 इडियट्स एक्टर ओमी वैद) का वीडियो देखा, लेकिन वो गलत हैं। न ही राजकुमार हिरानी, न हमारे राइटर और न मैं सोनम के बारे में जानते थे।

ओमी वैद के वीडियो के बाद बढ़ी हलचल

बता दें कि थ्री इडियट्स में फुंसुख वांगडू का किरदार आमिर खान द्वारा निभाया गया था जो काफी हद तक सोनम वांगचुक से मिलता जुलता किरदार है। पिछले 19 दिन से चल रहे सोनम के अनशन का सपोर्ट करते हुए फिल्म में चतुर का किरदार निभाने वाले अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि ’मैं अक्सर ऐसे वीडियो नहीं बनाता, इसलिए मेरी बात ध्यान से सुनिए। क्या आपको पता है कि 3 इडियट्स में आमिर खान का किरदार फुंसुख वांगडू असल जिंदगी के लद्दाख के इंजीनियर, इनोवेटर, शिक्षक और समाज सुधारक सोनम वांगचुक से प्रेरित था? ‘मैं नहीं चाहता कि यह इंसान मर जाए। मेरे लिए वह एक प्रेरणादायक व्यक्ति हैं। मैं चाहता हूं कि वह सुरक्षित रहें और जिंदा रहें। ओमी ने आगे कहा, मैं उनसे मिल चुका हूं। वह बहुत ही दिलचस्प और सादगी पसंद इंसान हैं। उन्होंने अपनी जिंदगी में कई बेहतरीन काम किए हैं। इसलिए मैं आपसे कहूंगा कि उनके बारे में जानिए और देखिए कि इस समय वह क्या कर रहे हैं। फिलहाल सोनम वांगचुक लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं। कई हफ्ते बीत चुके हैं और उनका ब्लड शुगर काफी कम हो गया है।

अनशन खत्म करें और अपनी सेहत का ध्यान रखें सोनम

सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर आमिर ने कहा कि ‘हर कोई उनकी हेल्थ और जिंदगी के लिए चिंतित है। हमें उम्मीद है कि सब कुछ अच्छे से खत्म होगा। हम सबको यही उम्मीद है कि वो अनशन खत्म करें और अपनी सेहत का ध्यान रखें।’

Share