| | |

कार्डिफ में इतिहास दोहराने उतरेगा भारत, सीरीज पर कब्ज़े की ओर टीम इंडिया की नजर; इंग्लैंड के लिए आर-पार की चुनौती

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेला जाएगा। इस मैदान पर भारतीय टीम ने पिछले 15 साल में एक भी वनडे मुकाबला नहीं हरा है, भारतीय समयानुसार मैच शाम 5:30 बजे शुरू होगा । पहले वनडे में शानदार जीत दर्ज कर टीम इंडिया सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है। ऐसे में शुबमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर लगातार चौथी वनडे सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।

इंग्लैंड के लिए करो या मरो की टक्कर

पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने हर विभाग में इंग्लैंड पर दबदबा बनाया था। बल्लेबाज़ों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए संयम दिखाया, जबकि गेंदबाज़ों ने शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। अब इंग्लैंड के सामने सीरीज बचाने की चुनौती है। यदि वह यह मुकाबला हारता है तो भारत एक बार फिर उसके खिलाफ वनडे सीरीज जीतने में सफल हो जाएगा।

क्या आज रो-को की जोड़ी दिखाएगी अपना पुराना रंग?

दूसरे वनडे में एक बार फिर सभी की निगाहें रोहित शर्मा और विराट कोहली की अनुभवी जोड़ी पर रहेंगी। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद होगी कि दोनों बड़े खिलाड़ी अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत और बड़ी साझेदारी देंगे। यदि रोहित और विराट लय में नजर आते हैं, तो भारतीय बल्लेबाज़ी क्रम और भी खतरनाक साबित हो सकता है।

इंग्लैंड के खिलाफ लगातार मजबूत रहा है भारत का रिकॉर्ड

भारत पिछले कुछ वर्षों से इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन करता आया है। टीम ने 2021 में घरेलू सरज़मीं पर 2-1, 2022 में इंग्लैंड में 2-1 और 2025 में भारत में 3-0 से सीरीज जीती थी। मौजूदा दौरे के पहले मैच में जीत के साथ भारत ने एक और सीरीज जीत की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है।

भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ लगातार छह वनडे मुकाबले जीते

टीम इंडिया का आत्मविश्वास इस बात से भी बढ़ा हुआ है कि उसने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले छह वनडे मैच लगातार जीते हैं। इसके अलावा कार्डिफ का मैदान भी भारत के लिए अनुकूल रहा है। यहां भारतीय टीम पिछले 15 वर्षों से कोई वनडे नहीं हारी है। इस मैदान पर उसे आखिरी हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी।

कप्तान शुबमन गिल शानदार लय में, टीम को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद

कप्तान शुबमन गिल इस समय बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पहले वनडे में उन्होंने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाज़ी कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी कप्तानी और बल्लेबाज़ी दोनों ने प्रभावित किया है। दूसरे मुकाबले में भी टीम को उनसे एक और प्रभावशाली पारी की उम्मीद रहेगी।

बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाज़ी को मिली नई मजबूती

जसप्रीत बुमराह की वापसी भारतीय गेंदबाज़ी आक्रमण के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। उनकी मौजूदगी से तेज़ गेंदबाज़ी इकाई को धार मिली है और विपक्षी बल्लेबाज़ों पर लगातार दबाव बनाने में मदद मिली है। बुमराह के अनुभव के साथ प्रसिद्ध कृष्ण और अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाज़ भी अधिक प्रभावी नजर आ रहे हैं। ऐसे में दूसरे वनडे में भी भारतीय गेंदबाज़ी इंग्लैंड के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।

अक्षर पटेल का दोहरी भूमिका में दमदार प्रदर्शन बनेगा भारत की बड़ी ताकत

अक्षर पटेल पिछले कुछ समय से बल्ले और गेंद दोनों से टीम इंडिया के लिए लगातार उपयोगी साबित हुए हैं। मध्यक्रम में उनकी अहम पारियां कई बार टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाल चुकी हैं, वहीं उनकी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज़ी विपक्षी बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने का मौका नहीं देती। कार्डिफ की परिस्थितियों में भी अक्षर की यह दोहरी भूमिका भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। ऐसे में दूसरे वनडे में टीम को उनसे एक बार फिर महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीद रहेगी।

Share