IRCTC की नई टिकट बुकिंग वेबसाइट लॉन्च, बिना कैप्चा बुकिंग और फास्टर चेकआउट की सुविधा
भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को पहले से अधिक आसान और तेज बनाने के उद्देश्य से IRCTC की नई टिकट बुकिंग वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। यह नया पोर्टल 15 जुलाई 2026 की रात 9 बजे से यात्रियों के लिए लाइव हो गया है। रेलवे के अनुसार, फिलहाल इसे बीटा वर्जन के रूप में जारी किया गया है, ताकि यात्रियों से मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर इसे और बेहतर बनाया जा सके।
नई वेबसाइट में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई अहम तकनीकी बदलाव किए गए हैं। अब लॉगिन और टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार कैप्चा भरने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही, वेबसाइट से अनावश्यक पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स भी हटा दिए गए हैं।
यात्रियों के लिए सबसे बड़ा बदलाव सीट उपलब्धता से जुड़ा है। अब स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी समेत सभी श्रेणियों की सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे अलग-अलग क्लास के लिए बार-बार सर्च करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
रेलवे ने टिकट बुकिंग प्रक्रिया को तेज बनाने के लिए ‘फास्टर चेकआउट’ फीचर भी जोड़ा है। इसके तहत टिकट बुकिंग के दौरान पहले की तुलना में कम स्टेप्स पूरे करने होंगे, जिससे बुकिंग का समय घटेगा। वहीं, नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ‘इजीअर रिपीट बुकिंग’ सुविधा दी गई है, जिसमें एक बार सेव की गई यात्री जानकारी अगली बुकिंग में स्वतः उपलब्ध रहेगी।
नई वेबसाइट का अनुभव यात्री IRCTC के ई-टिकटिंग पोर्टल पर जाकर ले सकते हैं। पुराने पोर्टल के होमपेज पर भी बीटा वर्जन का सीधा लिंक उपलब्ध कराया गया है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, बीटा वर्जन जारी करने का उद्देश्य यात्रियों से फीडबैक प्राप्त करना है। उपयोगकर्ताओं के सुझावों के आधार पर वेबसाइट में आवश्यक सुधार किए जाएंगे, जिसके बाद इसे सभी के लिए पूरी तरह से लॉन्च किया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2002 में शुरू हुई IRCTC वेबसाइट आज देश के सबसे व्यस्त ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म्स में शामिल है। वर्तमान में इसके माध्यम से प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख ट्रेन टिकट बुक किए जाते हैं। बढ़ते ट्रैफिक और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे वेबसाइट के साथ-साथ अपने पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी अपग्रेड कर रहा है।
रेलवे ने बताया कि बैकएंड सिस्टम का अपग्रेडेशन बिना टिकट बुकिंग सेवा प्रभावित किए किया जा रहा है। नया पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन तैयार होने और बीटा वर्जन से प्राप्त फीडबैक के बाद अगले कुछ सप्ताह में नया IRCTC पोर्टल पूरी तरह से सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।