जुरासिक पार्क’ के डॉ. एलन ग्रांट नहीं रहे: 78 साल की उम्र में दिग्गज एक्टर सैम नील का अचानक निधन

हॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्म ‘जुरासिक पार्क’ में डॉ. एलन ग्रांट का मशहूर किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता सैम नील का सोमवार को निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। उनके परिवार ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की है। परिवार के अनुसार सैम नील का निधन अचानक हुआ। हालांकि, वे ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को मात दे चुके थे, लेकिन फिलहाल उनके निधन की सटीक वजह सामने नहीं आई है।
साल 2023 में सैम नील ने खुलासा किया था कि वे ‘एंजियोइम्यूनोब्लास्टिक टी-सेल लिम्फोमा’ नाम के एक दुर्लभ ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं। कीमोथेरेपी और CAR-T सेल थेरेपी के लंबे इलाज के बाद वे पूरी तरह कैंसर-मुक्त हो चुके थे। वे अक्सर कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अपनी बीमारी और इलाज के सफर पर खुलकर बात करते थे। 14 सितंबर 1947 को उत्तरी आयरलैंड में जन्मे सैम नील की परवरिश न्यूजीलैंड में हुई थी। उन्होंने 1970 के दशक में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की और 1977 की फिल्म ‘स्लीपिंग डॉग्स’ व 1979 की ‘माय ब्रिलियंट करियर’ से अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट 1993 में आई स्टीवन स्पिलबर्ग की फिल्म ‘जुरासिक पार्क’ साबित हुई। इसमें निभाया गया डायनासोर विशेषज्ञ डॉ. एलन ग्रांट का किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि उन्होंने बाद में ‘जुरासिक पार्क 3’ (2001) और ‘जुरासिक वर्ल्ड डोमिनियन’ (2022) में भी यही किरदार निभाया। इसके अलावा उन्होंने ऑस्कर विजेता फिल्म ‘द पियानो’, ‘द हंट फॉर रेड अक्टूबर’, ‘डेड काम’ और ‘इवेंट होरिजोन’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया। टीवी जगत में भी उन्होंने ‘पीकी ब्लाइंडर्स’, ‘द ट्यूडर्स’ और ‘इन्वेशन’ जैसी सीरीज से दर्शकों का दिल जीता।
फार्मिंग और वाइन बनाने के थे शौकीन
सैम नील सिर्फ एक बेहतरीन एक्टर ही नहीं थे, बल्कि उन्हें प्रकृति, खेती और जानवरों से बेहद लगाव था। वे न्यूजीलैंड में ‘टू पैडॉक’ नाम से अपना वाइनयार्ड (अंगूर का बाग) चलाते थे और अक्सर अपने फार्म की खूबसूरत तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते थे।
निजी जिंदगी: पीछे छोड़ गए भरा-पूरा परिवार
सैम नील का व्यक्तिगत जीवन भी काफी खास रहा। 1980 के दशक में एक्ट्रेस लीसा हारो के साथ रिश्ते से उनका एक बेटा हुआ। इसके बाद 1989 में उन्होंने मेकअप आर्टिस्ट नोरिको वातानाबी से शादी की, जिनसे उनकी एक बेटी हुई और उन्होंने नोरिको की पहली शादी से हुई बेटी को भी अपनाया। अपनी शुरुआती उम्र में उनका एक और बेटा हुआ था जिसे गोद दे दिया गया था, लेकिन 1994 में वे अपने उस बेटे से दोबारा मिले। सैम नील अपने पीछे 4 बच्चों और 8 ग्रैंड चिल्ड्रन का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके जाने से हॉलीवुड सिनेमा और दुनिया भर के प्रशंसकों में शोक की लहर है।