इंदौर में ‘माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ में जुटे 5 हजार युवा, CM मोहन यादव बोले- सच्चे मित्र जीवन की सबसे बड़ी ताकत
इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ में प्रदेशभर से करीब 5 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया। ‘वन स्टेट, वन जनरेशन, वन संकल्प’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राज्य के विकास में भागीदार बनाना और उनके विचारों को नीति निर्माण से जोड़ना रहा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि सच्चे मित्र जीवन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। युवाओं को जीवनभर अपने दोस्तों का साथ निभाना चाहिए, अच्छे संस्कार अपनाने चाहिए और एक-दूसरे की मदद के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।
कॉन्क्लेव में शिक्षा, कौशल विकास, खेल, स्टार्टअप, एमएसएमई, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण, संस्कृति, पर्यटन और जनभागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई। युवाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की चुनौतियों और उनके समाधान पर सुझाव दिए।
कार्यक्रम के दौरान पांच विषयगत कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जहां प्रतिभागियों ने व्यवहारिक और क्रियान्वयन योग्य सुझाव तैयार किए। इन सुझावों के आधार पर प्रदेश के लिए सामूहिक ‘युवा संकल्प’ तैयार किया जाएगा, जो विकसित मध्य प्रदेश के विजन को दिशा देगा।
कॉन्क्लेव में मोटरसाइकिल और साइकिल रैली, युवा सम्मान समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संवाद सत्र, म्यूजिक स्टेज और इंदौरी फूड स्ट्रीट जैसे आकर्षण भी रहे, जिनमें युवाओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की।