| | | |

दतिया उपचुनाव के ऐलान पर बवाल, नरोत्तम मिश्रा समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन; जिले में धारा 163 लागू

मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को चुनाव होना है। यहां से भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। यह खबर फैलते ही एमपी के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए। उन्होंने हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ देर में पथराव, चक्काजाम और पुलिस से झड़प शुरू हो गई। इसे देखते हुए शनिवार सुबह प्रशासन ने पूरे जिले में BNSS की धारा 163 लागू कर दी। इसके तहत बिना अनुमति किसी भी सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्‌ठा होने पर भी रोक लगा दी गई है।

8 पुलिसकर्मी समेत डीएसपी घायल

इससे पहले शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुए पथराव में एसपी, एसडीओपी और आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं नरोत्तम मिश्रा के कुछ समर्थकों के भी घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। बताया गया कि कुछ समर्थकों ने भाजपा कार्यालय में खुद को बंद कर लिया था, जिन्हें बाद में प्रशासन की समझाइश के बाद बाहर निकाला गया।

बीजेपी कार्यालय के बाहर कड़ी सुरक्षा

बड़ौनकलां में जाम की सूचना के बाद प्रशासन ने एहतियातन दतिया स्थित भाजपा कार्यालय में करीब 250 कार्यकर्ताओं को अंदर ही रोक दिया। कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे इलाके की निगरानी की गई, ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।

ट्रैफिक डायवर्ट, PHQ से मांगा अतिरिक्त पुलिस बल

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने झांसी और ग्वालियर की ओर जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया। दतिया और ग्वालियर पुलिस ने संयुक्त रूप से यातायात व्यवस्था संभाली। एडिशनल एसपी मंजीत सिंह चावला ने बताया कि जिले में कई स्थानों पर प्रदर्शन हो रहे हैं। हालात को देखते हुए पुलिस मुख्यालय (PHQ) से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा कार्यालय में नजरबंद कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

दतिया में भाजपा कार्यालय के बाहर उस समय तनाव बढ़ गया, जब पुलिस ने वहां पहुंच रहे कार्यकर्ताओं को अंदर प्रवेश करने से रोक दिया। इसके बाद कार्यालय के भीतर मौजूद नजरबंद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ देर में झड़प में बदल गई।

Share