वायरल किडनैपिंग केस का खुलासा: शादीशुदा निकला युवक, युवती निहाली से सकुशल बरामद

दिनदहाड़े युवती को जबरन बाइक पर ले जाने का मामला; निहाली से सकुशल बरामद, पहले से शादीशुदा निकला आरोपी पति
सोशल मीडिया पर वायरल हुए युवती को जबरन बाइक पर ले जाने के मामले में राजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को निहाली क्षेत्र से बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जलगोन का है। प्रारंभिक स्तर पर इसे जुलवानिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोयदा का बताया जा रहा था। मामले को लेकर मप्र आदिवासी विकास परिषद के जिला अध्यक्ष एवं सेंधवा जनपद सदस्य राहुल सोलंकी ने भी प्रेस विज्ञप्ति जारी की थी। हालांकि पुलिस जांच में घटना स्थल ग्राम जलगोन होना सामने आया।
युवती के भाई ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की हुकुम नामक युवक से बातचीत थी। दोनों के बीच सामाजिक रीति-रिवाज भी निभाए गए थे, जिसके बाद युवती युवक के साथ महाराष्ट्र गई और दो दिन तक उसके साथ रही। बाद में जब युवती को पता चला कि युवक पहले से विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं, तो वह अपने मायके ग्राम इंद्रपुर लौट आई।
बताया गया कि इसके बाद युवती एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम जलगोन गई थी। आरोप है कि वहीं हुकुम अपने साथियों के साथ बाइक से पहुंचा और युवती की इच्छा के विरुद्ध उसे अपने साथ ले गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद राजपुर पुलिस सहित आसपास के थानों की टीमों ने सर्च अभियान चलाया। बुधवार को युवती को निहाली क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर राजपुर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी हुकुम एवं अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।