|

सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत जोबट में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अलीराजपुर पुलिस द्वारा “सेफ क्लिक 2.0 सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” अभियान के तहत जोबट के बीआरसी भवन में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर एसडीओपी आशुतोष पटेल, थाना प्रभारी विजय वास्केल, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य अरविंद बघेल तथा खंड शिक्षा अधिकारी रघुनाथ सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी तथा पासवर्ड जैसी गोपनीय सूचनाएं किसी के साथ साझा न करें। लगातार संदिग्ध संदेश भेजने वाले अनजान व्यक्तियों को तुरंत ब्लॉक करने की सलाह भी दी गई।

कार्यक्रम में सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने, टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करने, अनजान लोगों से अकेले मिलने से बचने तथा अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल स्वीकार नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री न बनाने और न ही साझा करने की अपील की गई।

मोबाइल एवं डिजिटल सुरक्षा के लिए स्क्रीन लॉक का उपयोग, सॉफ्टवेयर और एंटीवायरस को नियमित रूप से अपडेट करना, आवश्यकता होने पर ही लोकेशन सर्विस चालू रखना, केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ऐप डाउनलोड करना, सार्वजनिक वाई-फाई के उपयोग से बचना तथा महत्वपूर्ण एप्लिकेशन को पासवर्ड से सुरक्षित रखने जैसे सुझाव भी दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता आवश्यक है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील करते हुए अलीराजपुर पुलिस ने संदेश दिया “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनें।”

Share