|

जयपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकली बिजनेसमैन की बेटी से लूट ; सेंट्रल पार्क में नकाबपोश ने झपट्टा मारकर तोड़ी 1.5 लाख की सोने की चेन

जयपुर के सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक पर आई बिजनेसमैन की बेटी के गले से सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। नकाबपोश बदमाश ने अचानक युवती के गले पर झपट्‌टा मारा और चेन तोड़कर भाग गया। अशोक नगर थाना पुलिस सेंट्रल पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार- विद्याधर नगर के गणेश पार्क निवासी नंदिनी अग्रवाल (25) मंगलवार सुबह 10:30 बजे सहेली के साथ सेंट्रल पार्क गई थी, दोनों वॉक कर रही थी। इस बीच गेट नंबर-1 से करीब 100 मीटर आगे सिर पर कैप और चेहरे पर रूमाल बांधकर एक युवक आया।

युवक को रास्ता देने के लिए जैसे ही साइड हुई, आरोपी ने अचानक उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली और तेजी से दूसरी दिशा में भाग गया। चेन छीनने के दौरान युवती के गले पर भी चोट के निशान आए हैं। उन्होंने बताया कि चेन की कीमत करीब 1.5 लाख रुपए है। वारदात के बाद उन्होंने बदमाश का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज करवाया।

इधर, जयपुर में SMS हॉस्पिटल के सीनियर डॉक्टर ने सुसाइड किया

राजस्थान के सबसे बड़े सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक साइंस डिपार्टमेंट के हेड और सीनियर प्रोफेसर डॉ. नंदलाल डिसानिया (58) ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना बुधवार सुबह जयपुर के झोटवाड़ा थाना इलाके के अग्रसेन नगर की है। डॉ. डिसानिया के दामाद डॉ. सुरेश चौधरी भी एसएमएस हॉस्पिटल में न्यूरोसर्जन हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात को डॉ. डिसानिया के परिवार वाले एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। डॉक्टर घर पर अकेले थे। सुबह जब परिवार के सदस्य लौटे, तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। डॉ. डिसानिया कमरे में फंदे से लटके हुए थे।

Share