|

भोपाल में हॉस्टल पर देर रात पथराव, CCTV में कैद हुई वारदात; पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया

भोपाल में शुक्रवार रात एक हॉस्टल पर करीब आठ युवकों ने पथराव कर दिया जिससे दहशत फैल गई । यह मामला पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित पटेल नगर में हुआ। यह पूरी वारदात आसपास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना के मौके पर पुलिस तुरत पहुंची और कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। अब उनसे पूछताछ जारी है । इनमें से कुछ के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 151 के तहत जेल भेज दिया गया है। हॉस्टल संचालक दुर्गेश तिवारी और शिवम सिंह ने इस हमले के पीछे दूसरे हॉस्टल संचालक पुष्पराज यादव का हाथ होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी क्षेत्र में उनका हॉस्टल व्यवसाय नहीं चलने देना चाहता और इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों से हॉस्टल पर पथराव कराया। घटना में हॉस्टल की संपत्ति को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई

शुक्रवार रात करीब आठ युवक हॉस्टल के बाहर पहुंचे और अचानक पत्थर बरसाने लगे। कुछ ही मिनटों तक चले इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस की जांच जारी है

पिपलानी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। फरियादियों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुछ संदिग्धों पर हुई कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शांति भंग की आशंका के मद्देनजर कुछ लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share